दंतेवाड़ा 29सितंबर 2026/बारसूर थाना क्षेत्र के हितामेटा राऊतपारा में शराब को लेकर हुए विवाद के दौरान एक नाबालिग बालक की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के करीब 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 27 सितंबर की शाम करीब 6 बजे हितामेटा राऊतपारा निवासी नाबालिग बालक घर से गांव की ओर निकला था। रात करीब 8 बजे वह आरोपी बुधराम पोडियामी के घर पहुंचा। इसी दौरान शराब को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर बुधराम ने लकड़ी के छिलका/खोटला से बालक के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से बालक की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना बारसूर पुलिस मौके पर पहुंची और अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की। विवेचना के दौरान आरोपी के कथन के आधार पर घटना में इस्तेमाल लकड़ी का छिलका/खोटला बरामद कर जब्त किया गया।
पुलिस ने आरोपी बुधराम पोडियामी (44 वर्ष), पिता हिड़मा राम, निवासी हितामेटा राऊतपारा को 28 सितंबर को गिरफ्तार किया। मामले में अपराध क्रमांक 17/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में कार्रवाई की गई है। आरोपी को न्यायालय दंतेवाड़ा में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल किया गया है।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार खूटे एवं उप पुलिस अधीक्षक आकांक्षा सिंह के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी बारसूर के नेतृत्व में की गई।