चार्जर और माइक मांगने पर युवक पर चाकू से हमला, आदतन बदमाश गिरफ्तार

जगदलपुर16जुलाई 2026/कोतवाली थाना क्षेत्र में एक युवक पर धारदार चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी पर पहले भी कई आपराधिक मामलों में संलिप्त रहने के आरोप हैं।

पुलिस के अनुसार, महारानी वार्ड निवासी 18 वर्षीय देव कुड़ियम उर्फ कोदू के खिलाफ एक युवक ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 13 जुलाई को वह अपना मोबाइल चार्जर और माइक वापस लेने आरोपी के पास गया था। इसी दौरान आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देते हुए अपने पास रखे धारदार चाकू से युवक के पेट के बाएं हिस्से पर हमला कर दिया। हमले में युवक घायल हो गया, जिसका उपचार जारी है।

मामले की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी की तलाश की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने वारदात को स्वीकार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू भी बरामद कर लिया है।

जांच में आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी पहले भी गृह अतिचार, घर में आग लगाने और चोरी जैसे मामलों में संप्रेक्षण गृह जा चुका है।

पुलिस का कहना है कि जिले में असामाजिक और आपराधिक तत्वों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है तथा कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *