जगदलपुर 16जुलाई 2026/युवाओं और विद्यार्थियों को नशे की बुराइयों से दूर रखने के उद्देश्य से बुधवार को ब्रेन बीट कोचिंग सेंटर, जगदलपुर में नशामुक्ति जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 8वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभाव, इससे होने वाले सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी नुकसान तथा नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ की जाने वाली कानूनी कार्रवाई की जानकारी दी गई।
यह अभियान पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार धोत्रे के नेतृत्व में रोटरी क्लब के सहयोग से आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने का संकल्प दिलाया गया। साथ ही मानस हेल्पलाइन नंबर 1933 एवं टोल फ्री नंबर 14446 की जानकारी देते हुए किसी भी प्रकार की नशे से जुड़ी समस्या या सूचना साझा करने के लिए प्रेरित किया गया। नशामुक्ति शपथ के लिए विद्यार्थियों के बीच ऑनलाइन लिंक भी साझा किया गया।
अभियान में ब्रह्माकुमारी संस्थान की मंजूषा दीदी, उप पुलिस अधीक्षक सुशांता लकड़ा, कोतवाली थाना प्रभारी लीलाधर राठौर, निरीक्षक मधुरी नायक, नारकोटिक्स सेल प्रभारी श्रीनिवास वर्मा, टास्क फोर्स समाज कल्याण की सुचिता लकड़ा, स्वास्थ्य विभाग से हनी गोटलिब, शिक्षा विभाग से कमलेश, महिला एवं बाल विकास विभाग से शैलेन्द्र श्रीवास्तव, रोटरी क्लब से अमन और अक्षय मोदी सहित कोचिंग सेंटर के संचालक झा उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहकर अपने भविष्य को सुरक्षित बनाने और समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने भी नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी सहभागिता निभाने का संकल्प लिया।