अंबिकापुर/उदयपुर, 6 अक्टूबर 2026। उदयपुर क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी के बीच एक बार फिर मानव-हाथी संघर्ष की घटना सामने आई है। महेशपुर के मुंगरी तालाब के पास मंगलवार सुबह करीब 7 बजे शौच के लिए निकले 65 वर्षीय मोहन कुजूर पर हाथियों ने हमला कर दिया। हमले में उनकी पसली टूट गई और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं।
अचानक हाथियों से हुआ सामना
जानकारी के अनुसार, मोहन कुजूर सुबह घर से बाहर निकले थे। मुंगरी तालाब के पास पहुंचने पर उनका सामना हाथियों के झुंड से हो गया। वह कुछ समझ पाते, इससे पहले हाथियों ने उन पर हमला कर दिया। घायल होने के बाद भी वे किसी तरह खुद चलकर घर के पास पहुंचे।
वन विभाग ने अस्पताल पहुंचाया
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल बुजुर्ग को वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उदयपुर ले जाया गया। यहां उनका उपचार जारी है।
इलाके में करीब 26 हाथियों की मौजूदगी
बताया जा रहा है कि क्षेत्र में करीब 26 हाथियों का दल मौजूद है। हाथियों की मौजूदगी से आसपास के ग्रामीणों में भी चिंता बढ़ गई है। वन विभाग की टीम क्षेत्र में निगरानी कर रही है और ग्रामीणों को हाथियों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी जा रही है।