रायपुर, 20 अगस्त 2026। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित शासकीय एवं निजी महाविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के बीएससी कृषि (ऑनर्स) पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया के तहत चयनित अभ्यर्थियों को पीएटी परीक्षा की प्रावीण्य सूची के आधार पर प्रोविजनल सीट और महाविद्यालय का आवंटन कर दिया गया है।
आज से 22 अगस्त तक दस्तावेजों का परीक्षण कृषि महाविद्यालय, रायपुर में सुबह 8 बजे से शाम 5:30 बजे तक किया जाएगा। आवंटित प्रोविजनल सीट सुरक्षित करने के लिए अभ्यर्थियों को 20 से 23 अगस्त तक ऑनलाइन फीस जमा करनी होगी।
काउंसलिंग समिति की अध्यक्ष एवं कृषि महाविद्यालय रायपुर की अधिष्ठाता डॉ. आरती गुहे ने बताया कि जिन अभ्यर्थियों को सीट आवंटित नहीं हुई है, वे स्पॉट एवं कन्वर्शन काउंसलिंग के लिए 20 से 24 अगस्त की रात 11:30 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। वहीं, आवंटित सीट सुरक्षित नहीं करने वाले अभ्यर्थियों को आगामी काउंसलिंग चरण में शामिल होने के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा।
यदि कोई अभ्यर्थी सीट सुरक्षित करने के बाद उसे निरस्त करना चाहता है और आगे की किसी प्रक्रिया में शामिल नहीं होना चाहता, तो वह 24 अगस्त रात 11:30 बजे तक सीट निरस्त कर सकता है।
25 अगस्त को जारी होगी सीटों की जानकारी
आबंटित एवं रिक्त सीटों की जानकारी 25 अगस्त को उपलब्ध कराई जाएगी। इसी दिन स्पॉट एवं कन्वर्शन काउंसलिंग के लिए पंजीकृत अभ्यर्थियों की सूची विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड की जाएगी।
31 अगस्त से 1 सितंबर तक स्पॉट काउंसलिंग
स्पॉट काउंसलिंग के तहत प्रोविजनल सीट एवं महाविद्यालय का आवंटन 31 अगस्त से 1 सितंबर के बीच किया जाएगा। इस दौरान दस्तावेज परीक्षण और ऑनलाइन फीस जमा करने के लिए अभ्यर्थियों को कृषि महाविद्यालय, रायपुर में उपस्थित होना होगा।
वहीं, कन्वर्शन काउंसलिंग के लिए 2 सितंबर 2026 को कृषि महाविद्यालय रायपुर में प्रोविजनल सीट एवं महाविद्यालय आवंटन के साथ दस्तावेज परीक्षण और ऑनलाइन फीस जमा करने की प्रक्रिया होगी।
अभ्यर्थी काउंसलिंग से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश और जानकारी इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.igkv.ac.in पर देख सकते हैं।