ट्यूशन से लौट रही नाबालिग छात्रा को सुनसान मैदान ले गया ऑटो चालक, चीख सुनकर लोगों ने बचाया

अंबिकापुर। 20अगस्त 2026/सरगुजा जिले के गांधी नगर थाना क्षेत्र में ट्यूशन से घर लौट रही 13-14 वर्षीय छात्रा को ऑटो चालक द्वारा घर पहुंचाने के बजाय सुनसान इलाके में ले जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि चालक नशे की हालत में था और छात्रा को कॉलेज ग्राउंड की ओर ले गया।

घर पहुंचाने के बजाय मैदान की ओर मोड़ा ऑटो

जानकारी के मुताबिक, छात्रा ट्यूशन के बाद ऑटो से अपने घर लौट रही थी। आरोप है कि ऑटो चालक ने निर्धारित रास्ते से हटकर उसे सुनसान इलाके में स्थित कॉलेज ग्राउंड की ओर ले गया। स्थिति संदिग्ध लगने पर छात्रा ने शोर मचाना शुरू कर दिया।

चीख सुनकर दौड़े लोग, छात्रा को सुरक्षित निकाला

छात्रा की चीख सुनकर आसपास मौजूद लोगों और ताइक्वांडो खिलाड़ियों का ध्यान ऑटो की ओर गया। लोगों ने तत्काल ऑटो को रोककर छात्रा को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई और लोगों में आक्रोश फैल गया। इसी दौरान लोगों ने आरोपी ऑटो चालक की पिटाई कर दी।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही गांधी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। छात्रा के बयान और घटनास्थल की परिस्थितियों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। ऑटो चालक पर लगाए गए आरोपों और उसके नशे में होने की बात की भी पुलिस जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *