₹3 करोड़ लूटकांड का पर्दाफाश: यूपी में पुलिस मुठभेड़ के बाद बिलासपुर लूट के चार आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर, 19 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सराफा कारोबारी से हुई चर्चित लूट और गोलीबारी की घटना में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वारदात को अंजाम देकर फरार हुए आरोपियों को उत्तर प्रदेश में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान दो बदमाशों के पैर में गोली लगने की जानकारी सामने आई है, जबकि कुल चार आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी बिलासपुर के एक कारोबारी से करीब 3 करोड़ रुपये मूल्य का सोना और नकदी लूटकर उत्तर प्रदेश की ओर फरार हो गए थे। घटना के बाद से बिलासपुर पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान संभावित लोकेशन मिलने पर छत्तीसगढ़ पुलिस ने उत्तर प्रदेश पुलिस से समन्वय स्थापित किया, जिसके बाद मिर्जापुर जिले के अहरौरा थाना क्षेत्र में घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
बताया जा रहा है कि घेराबंदी के दौरान संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन कार सवार बदमाश बैरिकेडिंग तोड़कर भागने लगे। पीछा करने पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने नियंत्रित फायरिंग की, जिसमें दो आरोपियों के पैर में गोली लगी। हालात काबू में आते ही चारों ने आत्मसमर्पण कर दिया।
उत्तर प्रदेश पुलिस ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी आरोपी फिलहाल पुलिस कस्टडी में हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह के मुताबिक, पूरी कार्रवाई कानूनी प्रक्रिया के तहत की गई और घायल आरोपियों को तुरंत उपचार उपलब्ध कराया गया है। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
आरोपियों के खिलाफ लूट, अवैध हथियार रखने और पुलिस पर फायरिंग सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। वहीं, छत्तीसगढ़ पुलिस अब आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर बिलासपुर लाने की तैयारी कर रही है, ताकि आगे की पूछताछ और न्यायिक प्रक्रिया पूरी की जा सके।
फिलहाल पुलिस ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि लूट का कितना माल बरामद हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि बरामदगी से जुड़ी जानकारी जांच पूरी होने के बाद ही साझा की जाएगी। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मामले से जुड़े और भी अहम खुलासे हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *