11मार्च2026
जगदलपुर/ शहर में घरेलू गैस की कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। खाद्य विभाग की टीम ने दीनदयाल उपाध्याय वार्ड क्षेत्र में एक मकान पर छापा मारकर बड़ी मात्रा में गैस सिलेंडर जब्त किए हैं।
जानकारी के अनुसार राउतपारा स्थित बालाजी केयर हॉस्पिटल के पास एक घर में अवैध रूप से गैस सिलेंडर का भंडारण और रिफिलिंग किए जाने की सूचना प्रशासन को मिली थी। कलेक्टर के निर्देश पर खाद्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर प्रशांत महाजन के घर में दबिश दी। जांच के दौरान घर के अंदर बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर पाए गए, जिनके संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके।
कार्रवाई के दौरान टीम ने 24 घरेलू गैस सिलेंडर और 10 कमर्शियल गैस सिलेंडर जब्त किए। साथ ही गैस ट्रांसफर करने में इस्तेमाल होने वाले तीन रिफिलिंग पाइप भी बरामद किए गए। अधिकारियों के अनुसार इनका उपयोग अवैध तरीके से गैस भरने के लिए किया जा रहा था।
खाद्य नियंत्रक ने बताया कि गैस की कालाबाजारी रोकने और उपभोक्ताओं को नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। जब्त सामग्री को कब्जे में लेकर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इस कार्रवाई के दौरान खाद्य विभाग के अधिकारी और निरीक्षक भी मौजूद रहे। प्रशासन ने शहर में अवैध गैस कारोबार पर कड़ी नजर रखने की बात कही है।