दंतेवाड़ा, 12 सितंबर 2026। दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा में नाबालिग पीड़िता को बहला-फुसलाकर घर ले जाकर दुष्कर्म करने और घटना किसी को बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, नाबालिग पीड़िता अपनी परिचित महिला के साथ उसके मायके गई थी। इसी दौरान आरोपी ने उसे बहला-फुसलाकर अपने घर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बारे में किसी को बताने पर आरोपी ने उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी।
पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना दंतेवाड़ा में संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल आरोपी की तलाश शुरू की और कुछ ही घंटों में उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोमारू उर्फ समरू मरकाम, पिता स्वर्गीय लखमा मरकाम, निवासी पाकलू पारा, गंजेनार, थाना कुआकोंडा, जिला दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा के रूप में की है।
आरोपी को 12 सितंबर 2026 को गिरफ्तार किया गया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल दाखिल कर दिया गया।