जगदलपुर, 12 सितंबर 2026। बस्तर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। नगरनार थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को 8.414 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 4 लाख 20 हजार 700 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति पीठ्ठू बैग में गांजा लेकर उड़ीसा से धनपुंजी के रास्ते जगदलपुर की ओर जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम धनपुंजी फॉरेस्ट नाका पहुंची और आने-जाने वाले लोगों की जांच शुरू की। इसी दौरान बताए गए हुलिए का एक व्यक्ति पैदल आता दिखाई दिया। रोककर पूछताछ करने पर उसने अपना नाम सिकन्दर, पिता गुलाब सिंह, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम नगला हट्टी, थाना मलपुरा, जिला आगरा, उत्तर प्रदेश बताया।
पुलिस ने उसके पीठ्ठू बैग की तलाशी ली तो उसमें तीन पैकेटों में कुल 8.414 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा जब्त करने के साथ आरोपी के कब्जे से मोटोरोला कंपनी का मोबाइल फोन और 3 हजार रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी गांजा उड़ीसा से आगरा, उत्तर प्रदेश ले जा रहा था। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विकेश तिवारी, सउनि दिनेश सिंह ठाकुर, प्रधान आरक्षक अजय साहू, लुईस लकड़ा तथा आरक्षक दशरू नाग, सुकमन पांडे, बलराम कश्यप, चंद्रकुमार कंवर और भुनेश्वर बाकड़ा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।