सीएम विष्णु देव साय करेंगे शुभारंभ, सप्ताह में दो-दो दिन मिलेगी हवाई सेवा, सरगुजा को मिलेगी नई पहचान
30मार्च26
छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले के लिए आज का दिन ऐतिहासिक साबित होने जा रहा है। मां महामाया एयरपोर्ट से दिल्ली और कोलकाता के लिए सीधी विमान सेवा की शुरुआत होने जा रही है, जिससे सरगुजा संभाग को बड़ी सौगात मिलेगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय इस नई हवाई सेवा का वर्चुअल शुभारंभ करेंगे। इस सेवा के शुरू होने से अब अंबिकापुर के यात्रियों को सीधे दिल्ली और कोलकाता तक हवाई सफर की सुविधा मिल सकेगी, जिससे समय की बचत के साथ क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी।
बताया जा रहा है कि सप्ताह में दो दिन दिल्ली और दो दिन कोलकाता के लिए उड़ान संचालित की जाएगी। इस नई सुविधा से व्यापार, शिक्षा, पर्यटन और चिकित्सा के क्षेत्र में लोगों को काफी लाभ मिलेगा और सरगुजा संभाग देश के बड़े शहरों से सीधे जुड़ सकेगा।
गौरतलब है कि मां महामाया एयरपोर्ट का उद्घाटन 20 अक्टूबर 2024 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया था। लगभग 365 एकड़ में फैले इस एयरपोर्ट के शुरू होने के बाद अब सीधी उड़ान सेवा शुरू होने से क्षेत्र के लोगों में उत्साह का माहौल है।
जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने इसे सरगुजा के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है और उम्मीद जताई है कि आने वाले समय में अन्य शहरों के लिए भी हवाई सेवाएं शुरू होंगी।