30मार्च26
सुकमा जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। पोलमपल्ली थाना क्षेत्र के जंगलों में सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच 29मार्च को हुई मुठभेड़ में 5 लाख रुपये का इनामी नक्सली मार गिराया गया।
जानकारी के अनुसार, जंगल-पहाड़ी इलाके में माओवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर DRG टीम को ऑपरेशन के लिए रवाना किया गया। सर्च अभियान के दौरान सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच रुक-रुक कर फायरिंग हुई। मुठभेड़ के बाद इलाके की तलाशी लेने पर एक पुरुष माओवादी का शव हथियार सहित बरामद किया गया।
मारे गए नक्सली की पहचान प्लाटून नंबर 31 के सेक्शन कमांडर PPCM मूचाकी कैलाश के रूप में हुई है, जिस पर 5 लाख रुपये का इनाम घोषित था। बताया जा रहा है कि वह कई बड़ी वारदातों, हमलों और IED ब्लास्ट की साजिश में शामिल रहा था और लंबे समय से सुरक्षाबलों की सूची में वांछित था।
इस ऑपरेशन का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण के मार्गदर्शन में किया गया। मुठभेड़ के बाद क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है ताकि अन्य माओवादियों की तलाश की जा सके।
बस्तर रेंज के आईजी सुन्दरराज पट्टलिंगम ने माओवादी कैडरों से हिंसा छोड़कर आत्मसमर्पण करने और मुख्यधारा में लौटने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पुनर्वास का अवसर सीमित समय के लिए है और माओवादियों को इसका लाभ उठाना चाहिए।