नारायणपुर, 30 मार्च 2026। सुदूर और दुर्गम क्षेत्र में इंसानियत और सेवा का शानदार उदाहरण देखने को मिला, जब ITBP जवानों और नारायणपुर पुलिस ने इंद्रावती राष्ट्रीय उद्यान के भीतर बसे ग्राम बोटेर से एक गर्भवती महिला का कठिन परिस्थितियों में सफल रेस्क्यू किया।
जानकारी के अनुसार,27मार्च को गर्भवती महिला को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई थी और गांव से अस्पताल तक पहुंचने का कोई सुगम रास्ता नहीं था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ITBP जवानों और नारायणपुर पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। घने जंगल और लगभग 5 किलोमीटर लंबे दुर्गम रास्ते को पार करते हुए जवानों ने महिला को स्ट्रेचर के सहारे सुरक्षित बाहर निकाला।
कठिन पहाड़ी रास्तों और विपरीत परिस्थितियों के बावजूद जवानों ने हिम्मत नहीं हारी और समय पर महिला को अस्पताल पहुंचाया, जहां सुरक्षित प्रसव कराया गया। डॉक्टरों ने बताया कि मां और नवजात शिशु दोनों पूरी तरह सुरक्षित हैं।
इस साहसिक और मानवीय कार्य ने एक बार फिर सुरक्षा बलों की सेवा भावना और समर्पण को साबित किया है। क्षेत्र के लोगों ने ITBP जवानों और नारायणपुर पुलिस की सराहना करते हुए उन्हें असली हीरो बताया।
इंसानियत की मिसाल: ITBP जवानों और नारायणपुर पुलिस ने दुर्गम जंगल से गर्भवती महिला का किया सफल रेस्क्यू