बिहार 5अक्टूबर 2026/गोपालगंज के कुचायकोट इलाके में शराब तस्करी का हैरान करने वाला तरीका सामने आया है। उत्पाद विभाग की टीम ने वाहन जांच के दौरान एक बाइक सवार को पकड़ा, जिसके पास शराब छिपाने के लिए बाइक और घरेलू गैस सिलेंडर में गुप्त जगह बनाई गई थी।
तलाशी के दौरान बाइक की सीट के नीचे फ्रूटी पैकेट में भरी देसी शराब मिली। इसके बाद टीम की नजर बाइक पर रखे गैस सिलेंडर पर गई। जांच में पता चला कि सिलेंडर को बीच से काटकर उसके अंदर अलग से जगह बनाई गई थी, जहां शराब छिपाकर रखी गई थी।
मामले में जलालपुर गांव निवासी राजेश पाठक को गिरफ्तार किया गया है। उत्पाद विभाग के मुताबिक उसके कब्जे से करीब 25 लीटर 400 ग्राम शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 30 से 40 हजार रुपये बताई गई है। पूछताछ में सामने आया कि शराब को उत्तर प्रदेश से बिहार लाया जा रहा था।
उत्पाद विभाग के अधिकारियों के अनुसार, शराबबंदी के बाद तस्कर लगातार शराब छिपाकर ले जाने के नए तरीके अपना रहे हैं। इस मामले में बाइक और गैस सिलेंडर में बनाई गई गुप्त जगह का इस्तेमाल किया गया था।