कुम्हड़ाकोट में माड़िया समाज और राजपरिवार के बीच निभाई गई सदियों पुरानी परंपरा, बाहर रैनी के साथ रथ परिक्रमा का समापन
जगदलपुर, 23 अक्टूबर 2026। विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरे में गुरुवार को सदियों पुरानी ‘बाहर रैनी’ की परंपरा पूरे उत्साह और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुई। कुम्हड़ाकोट के जंगलों में छिपाए गए आठ चक्कों वाले विशाल विजय रथ को राजपरिवार की मान-मनौव्वल के बाद ससम्मान वापस लाया गया। इस दौरान नवाखानी की रस्म ने बस्तर की लोक-आस्था, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता की अनूठी मिसाल पेश की।
परंपरा के अनुसार, ‘भीतर रैनी’ की रस्म पूरी होने के बाद माड़िया जनजाति के लोग विशाल विजय रथ को खींचकर लालबाग स्थित कुम्हड़ाकोट के जंगलों में ले गए थे। बस्तर दशहरे की इस अनूठी परंपरा को प्रतीकात्मक रूप से ‘रथ चोरी’ कहा जाता है। यह केवल एक रस्म नहीं, बल्कि राजपरिवार और ग्रामीणों के बीच संवाद, अपनत्व और आपसी संबंधों को मजबूत करने का माध्यम है।
गुरुवार को ‘बाहर रैनी’ की रस्म के तहत बस्तर राजपरिवार के सदस्य रथ को वापस लाने के लिए कुम्हड़ाकोट पहुंचे। यहां उन्होंने माड़िया समाज के लोगों और ग्रामीणों से मुलाकात की। पारंपरिक मान-मनौव्वल के जरिए रूठे ग्रामीणों को मनाया गया। इस दौरान राजपरिवार और ग्रामीणों के बीच आत्मीयता और सौहार्द का माहौल देखने को मिला।
जंगल में हुई नवाखानी की रस्म
मान-मनौव्वल के बाद कुम्हड़ाकोट में पारंपरिक नवाखानी का आयोजन किया गया। नई फसल के आगमन की खुशी में नए चावल से तैयार खीर का नैवेद्य अर्पित किया गया। इसके बाद राजपरिवार के सदस्य कमलचंद भंजदेव, सांसद एवं बस्तर दशहरा समिति के अध्यक्ष महेश कश्यप, महापौर संजय पाण्डे और ग्रामीणों ने एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण किया।
नवाखानी की इस रस्म ने बस्तर की कृषि संस्कृति, लोक परंपराओं और सामाजिक एकजुटता को दर्शाया। यहां राजा और प्रजा के बीच का पारंपरिक रिश्ता भी जीवंत नजर आया।
गाजे-बाजे और जयकारों के साथ लौटा विजय रथ
नवाखानी और मान-मनौव्वल की रस्म पूरी होने के बाद माड़िया समुदाय के लोग और राजपरिवार के सदस्य एकजुट होकर विशाल विजय रथ को वापस लाने के लिए रवाना हुए। पारंपरिक गाजे-बाजे और जयकारों के बीच आठ चक्कों वाले रथ को खींचकर राजमहल के सिंह द्वार तक लाया गया।
इसी के साथ बस्तर दशहरे की बहुप्रतीक्षित ‘बाहर रैनी’ की रस्म पूरी हुई और रथ परिक्रमा का विधिवत समापन हुआ। बस्तर दशहरे की यह परंपरा एक बार फिर साबित करती है कि यहां का दशहरा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि लोक-आस्था, जनजातीय संस्कृति और सामाजिक समरसता का अद्वितीय उत्सव है।