बस्तर दशहरा के मुरिया दरबार में शामिल होने जगदलपुर पहुंचीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, एयरपोर्ट पर हुआ भव्य स्वागत

राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सहित उप मुख्यमंत्री, मंत्री और जनप्रतिनिधियों ने किया अभिनंदन

जगदलपुर, 23 अक्टूबर 2026। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज बस्तर दशहरा के ऐतिहासिक मुरिया दरबार में शामिल होने जगदलपुर पहुंचीं। माँ दंतेश्वरी एयरपोर्ट पर उनके आगमन पर राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सहित प्रदेश के मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने आत्मीय एवं गरिमामय स्वागत किया।

राष्ट्रपति के स्वागत के लिए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, कृषि मंत्री राम विचार नेताम, वन मंत्री केदार कश्यप, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, बस्तर सांसद एवं बस्तर दशहरा समिति के अध्यक्ष महेश कश्यप, कांकेर सांसद भोजराज नाग और महापौर संजय पांडेय सहित वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का यह बस्तर प्रवास विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा महोत्सव के महत्वपूर्ण आयोजन मुरिया दरबार में सहभागिता के लिए है। मुरिया दरबार बस्तर की ऐतिहासिक परंपराओं का अहम हिस्सा है, जो जनसंवाद, सामुदायिक सहभागिता और जनजातीय संस्कृति की विशिष्ट पहचान को दर्शाता है।

बस्तर दशहरा अपनी अनूठी रस्मों, जनजातीय आस्था और सदियों पुरानी सांस्कृतिक विरासत के लिए देश-दुनिया में प्रसिद्ध है। ऐसे में राष्ट्रपति की मुरिया दरबार में सहभागिता बस्तर की समृद्ध आदिवासी संस्कृति और गौरवशाली परंपराओं को राष्ट्रीय स्तर पर विशेष पहचान दिलाने के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *