सिक्के पर अंकित है माता हासी देवी की छवि, 35 ग्राम वजनी सिक्का चार धातुओं से मिलकर बना
रायपुर, 22 अक्टूबर 2026। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गुरुवार को रायपुर स्थित लोकभवन के छत्तीसगढ़ मंडपम में पूज्य माता साहिब हासी देवी की 200वीं जयंती के अवसर पर 200 रुपये का स्मारक सिक्का जारी किया। इस मौके पर छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी मौजूद रहे।
भारत सरकार के वित्त मंत्रालय की ओर से जारी यह विशेष सिक्का सिंधी समाज की आध्यात्मिक विभूति माता साहिब हासी देवी के जीवन और योगदान को सम्मान देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इस अवसर को देश-विदेश में रहने वाले सिंधी समाज के लोगों के लिए गौरवपूर्ण माना जा रहा है।
चार धातुओं से बना है 35 ग्राम का सिक्का
इस स्मारक सिक्के की खासियत इसकी बनावट और इस पर अंकित चित्र है। सिक्के के एक ओर पूज्य माता हासी देवी की छवि अंकित की गई है, जबकि दूसरी ओर भारत का अशोक स्तंभ का सिंह शीर्ष और 200 रुपये का मूल्यवर्ग दर्शाया गया है।
35 ग्राम वजनी यह सिक्का चार धातुओं से मिलकर बना है। इसका उद्देश्य माता हासी देवी के जीवन, विचारों और आध्यात्मिक योगदान को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना है।
शदाणी दरबार के माध्यम से होगी बुकिंग
माता साहिब हासी देवी रायपुर के शदाणी दरबार की पांचवीं पीठाधीश थीं। उनकी 200वीं जयंती पर स्मारक सिक्का जारी होना सिंधी समाज के लिए ऐतिहासिक अवसर है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, सिक्के के अनावरण के बाद श्रद्धालु और सिक्का संग्रह करने के शौकीन लोग शदाणी दरबार की विभिन्न इकाइयों के माध्यम से इसकी बुकिंग कर सकेंगे।
कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में राज्यपाल की पत्नी रानी डेका काकोटी, शदाणी दरबार के पीठाधीश संत डॉ. युधिष्ठिर लाल, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक पुरंदर मिश्रा, सुनील सोनी और मोतीलाल साहू सहित मुख्य सचिव विकासशील, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। देशभर से आए जनप्रतिनिधियों और सिंधी समाज के प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।