बाढ़ में बह गई पढ़ाई की सामग्री, 58 बच्चों को फिर मिले बैग-कॉपी और स्टेशनरी

कोहकापाल में आर्थिक प्रकोष्ठ का सेवा अभियान, बाढ़ प्रभावित विद्यार्थियों को शिक्षण सामग्री और बिस्किट वितरित

जगदलपुर, 5 अक्टूबर। बस्तर में आई बाढ़ से प्रभावित विद्यार्थियों की पढ़ाई को दोबारा पटरी पर लाने के लिए भाजपा आर्थिक प्रकोष्ठ बस्तर का सेवा अभियान जारी है। इसी क्रम में आर्थिक प्रकोष्ठ की टीम ने प्रवीण वार्ड स्थित कोहकापाल बस्ती के जगतु महारा पहुंचकर 58 बाढ़ प्रभावित विद्यार्थियों को स्कूल बैग, नोटबुक, रजिस्टर, कंपास, पेन-पेंसिल सहित अन्य शिक्षण सामग्री वितरित की। बच्चों को बिस्किट भी दिए गए।

हाल ही में आई बाढ़ से जगदलपुर शहर की निचली बस्तियों और जिले के कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ था। बाढ़ के पानी में कई बच्चों की किताबें, कॉपियां, स्कूल बैग और अन्य शैक्षणिक सामग्री खराब हो गई या बह गई। ऐसे विद्यार्थियों की मदद के लिए आर्थिक प्रकोष्ठ प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कर जरूरतमंद बच्चों को शिक्षण सामग्री उपलब्ध करा रहा है।

इससे पहले डोंगा घाट बस्ती में भी 60 से अधिक बाढ़ प्रभावित विद्यार्थियों को शिक्षण सामग्री वितरित की गई थी। वर्तमान में अन्य प्रभावित वार्डों में भी सर्वे का कार्य जारी है। सर्वे पूरा होने के बाद चिन्हित जरूरतमंद बच्चों को पाठ्य पुस्तक और अन्य आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।

पढ़ाई जारी रखने में मिलेगी मदद

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष वेद प्रकाश पांडे ने कहा कि बाढ़ के कारण बच्चों की पढ़ाई से जुड़ी सामग्री नष्ट हुई है। ऐसे समय में उन्हें दोबारा आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराना उनकी शिक्षा जारी रखने में महत्वपूर्ण सहयोग है। उन्होंने कहा कि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचकर उसकी सेवा करना ही अंत्योदय की मूल भावना है।

आर्थिक प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-संयोजक मनीष पारख ने कहा कि बाढ़ से सर्वाधिक प्रभावित वार्डों में जमीनी स्तर पर मूल्यांकन कर उन बच्चों की पहचान की जा रही है, जिनकी पाठ्य पुस्तकें, स्कूल बैग और अन्य सामग्री बारिश व बाढ़ के कारण क्षतिग्रस्त हो गई या बह गई। उनकी शैक्षणिक सामग्री की भरपाई के लिए आर्थिक प्रकोष्ठ लगातार प्रयास कर रहा है।

जिला संयोजक अविनाश जैन ने कहा कि बाढ़ में शिक्षण सामग्री गंवाने वाले बच्चों को दोबारा स्कूल सामग्री उपलब्ध कराना संतोष देने वाला कार्य है। इससे बच्चे फिर से स्कूल जाकर अपनी पढ़ाई जारी रख सकेंगे और अपने भविष्य के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ेंगे।

कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन आर्थिक प्रकोष्ठ के जिला सह-संयोजक परमेश राजा ने किया।

ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में जिला महामंत्री परिषद बेसरा, जिला कार्यालय मंत्री एवं एल्डरमैन रोहित त्रिवेदी, शहर पश्चिम मंडल अध्यक्ष प्रकाश झा, प्रदेश सह-संयोजक आर्थिक प्रकोष्ठ मनीष पारख, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राजू कुमार बोथरा, कार्यसमिति सदस्य शिरीष मिश्रा, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष योगेश सिंह, अनुसूचित जाति मोर्चा जिला अध्यक्ष विनय सोना, स्वच्छता प्रकोष्ठ जिला संयोजक राजा यादव, जिनेन्द्र टाटिया, महावीर बाफना, धनिता ठाकुर, किरण चौरसिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *