अप्रैल 2027 में इंडोनेशिया में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी पंक्ति, कठिन चयन प्रक्रिया पार कर हासिल किया मुकाम
बस्तर, 5 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के बस्तर की बेटी पंक्ति बेदरकर ने अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। पंक्ति को ‘प्राइड ऑफ इंडिया DK Pageant’ द्वारा ‘मिस टीन इंडिपेंडेंट इंटरनेशनल इंडिया 2027’ के खिताब के लिए चुना गया है। अब वह अप्रैल 2027 में इंडोनेशिया में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
पंक्ति का चयन एक चुनौतीपूर्ण प्रक्रिया के जरिए किया गया। इसमें सीक्रेट इंटरव्यू, रैंप वॉक, आत्मविश्वास, सकारात्मक व्यक्तित्व और दयालुता जैसे विभिन्न मानकों पर प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया गया। इन सभी कसौटियों पर बेहतर प्रदर्शन करते हुए पंक्ति ने यह मुकाम हासिल किया।
बस्तर जैसे आदिवासी अंचल से निकलकर अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचने वाली पंक्ति की इस उपलब्धि को क्षेत्र के लिए गौरव का पल माना जा रहा है। अपनी सफलता का श्रेय उन्होंने अपने परिवार, शुभचिंतकों और बस्तर सहित पूरे छत्तीसगढ़ के लोगों के प्यार और आशीर्वाद को दिया।
अपनी उपलब्धि पर पंक्ति ने कहा कि यह उनके और पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का पल है। बस्तर की मिट्टी ने उन्हें हमेशा मजबूत बने रहना सिखाया है। अब उनका लक्ष्य इंडोनेशिया के अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए देश और बस्तर की समृद्ध संस्कृति एवं मानवीय मूल्यों को दुनिया के सामने रखना है।
पंक्ति की यह उपलब्धि उन बेटियों के लिए भी प्रेरणा मानी जा रही है, जो अपने सपनों को पूरा करने के लिए बड़े मंचों तक पहुंचने का सपना देखती हैं।