PCS इंटरव्यू से पहले पिता ने संवारे बेटे के बाल, फिर खिलाया निवाला; भावुक कर देगा पिता-पुत्र का ये पल

प्रयागराज 5अक्टूबर2026/उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग में इन दिनों पीसीएस के इंटरव्यू चल रहे हैं। इसी बीच आयोग के बाहर का एक भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहा है। वीडियो में एक पिता अपने बेटे को इंटरव्यू के लिए भेजने से पहले उसकी तैयारी खुद करते नजर आ रहे हैं।

इंटरव्यू देने पहुंचे बेटे के कपड़े और कोट को पिता ने ठीक किया। इसके बाद उन्होंने जेब से कंघी निकाली और बेटे के बाल बड़े स्नेह से संवारे। पिता यहीं नहीं रुके, उन्होंने अपने साथ रखी एक पुड़िया से बेटे को कुछ खिलाया। बेटे ने भी इंटरव्यू के लिए अंदर जाने से पहले पिता के पैर छूकर आशीर्वाद लिया।

इसके बाद बेटा आयोग परिसर के अंदर इंटरव्यू देने चला गया, जबकि पिता बाहर से उसे जाते हुए देखते रहे। पिता की इस छोटी-सी कोशिश में बेटे के लिए चिंता, प्यार और आशीर्वाद तीनों नजर आए।

पिता और बेटे के बीच का यह पल कैमरे में कैद हो गया और सोशल मीडिया पर लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया। वीडियो देखने वाले कई लोग पिता के इस स्नेह को बेटे की सफलता के लिए सबसे बड़ा हौसला बता रहे हैं। कुछ लोगों ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षा के इतने महत्वपूर्ण पड़ाव पर परिवार का साथ और माता-पिता का आशीर्वाद अभ्यर्थी के आत्मविश्वास को और मजबूत करता है।

यह वीडियो सिर्फ एक अभ्यर्थी के इंटरव्यू से पहले की तैयारी नहीं दिखाता, बल्कि उस पिता की भावनाओं को भी सामने लाता है, जिसने बेटे को इस मुकाम तक पहुंचाने में न जाने कितनी उम्मीदें और सपने संजोए होंगे। इंटरव्यू के दरवाजे तक पहुंच चुके बेटे के लिए उस वक्त पिता का बाल संवारना और अपने हाथ से कुछ खिलाना सोशल मीडिया यूजर्स को भावुक कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *