गाजियाबाद में खौफनाक वारदात: पत्नी-बेटी की चाकू से हत्या, दूसरी बेटी पर भी जानलेवा हमला; ‘राजा’ गिरफ्तार

गाजियाबाद: 23अगस्त 2026/खोड़ा थाना क्षेत्र के लोकप्रिय विहार इलाके में शुक्रवार देर रात घरेलू विवाद के बाद एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और बड़ी बेटी की चाकू से हत्या कर दी, जबकि छोटी बेटी ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। पुलिस ने आरोपी पति राजा अंसारी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को अपने किए पर कोई अफसोस नहीं है।

पुलिस के अनुसार, राजा अंसारी लंबे समय से पत्नी के साथ छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद करता था। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह पत्नी के विवाद से परेशान था और उसने पत्नी तथा दोनों बेटियों की हत्या कर जेल जाने की योजना बनाई थी।

घटना 22 अगस्त की रात करीब 12:30 बजे की बताई जा रही है। आरोपी ने कथित तौर पर गद्दे के नीचे छिपाकर रखी छुरी निकालकर पत्नी बेबी तबस्सुम (43) की गर्दन पर हमला किया। चीख सुनकर दोनों बेटियां कमरे में पहुंचीं, जिसके बाद आरोपी ने बड़ी बेटी सना तबस्सुम (15) पर भी चाकू से हमला कर दिया।

इसके बाद आरोपी ने छोटी बेटी रूबी तबस्सुम (14) पर भी हमला करने की कोशिश की, लेकिन वह किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रही। आरोपी चाकू लेकर उसे तलाशने के लिए नीचे भी गया, लेकिन वह उसके हाथ नहीं लगी।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई छुरी बरामद कर ली है। बरामदगी के आधार पर मामले में आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 भी जोड़ी गई है।

एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *