देहरादून: रायपुर के रक्षा विहार इलाके में शनिवार देर रात दोस्त के कार्यालय में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान इफ़्तकार के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों ने उसके दोस्तों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, इफ़्तकार शनिवार रात अपनी कपड़ों की दुकान से घर आया था। इसके बाद वह घर के पास स्थित अपने दोस्त अनस के कार्यालय में चला गया, जहां कुछ अन्य दोस्त भी मौजूद थे। देर रात वहां किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान इफ़्तकार घायल हो गया।
बताया गया कि साथ मौजूद दोस्त ही घायल इफ़्तकार को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे और दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया।
मृतक के भाई ने आरोप लगाया कि विवाद के दौरान इफ़्तकार पर धारदार हथियार से हमला किया गया। परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि वारदात के बाद घटनास्थल से साक्ष्य मिटाने की कोशिश की गई। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस घटनास्थल पर मौजूद लोगों से पूछताछ कर मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
भाइयों में सबसे छोटा था इफ़्तकार
इफ़्तकार तीन भाइयों और छह बहनों में सबसे छोटा था। वह इंदिरा मार्केट में कपड़ों की दुकान चलाता था। शनिवार रात दुकान बंद करने के बाद वह अपने घर के पास स्थित दोस्त के कार्यालय गया था, जहां कुछ देर बाद विवाद और उसकी मौत की घटना सामने आई।