रायपुर 22सितंबर 2026/नवा रायपुर में मंगलवार 22 सितंबर को तीज मिलन उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, पुनर्वास और उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा की मेजबानी में होने वाला यह कार्यक्रम सेक्टर-24 स्थित एम-12 में दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित होगा।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अपनी धर्मपत्नी कौशल्या देवी साय के साथ शामिल होंगे। वहीं विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह भी अपनी धर्मपत्नी वीणा सिंह के साथ कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। इनके अलावा प्रदेश के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक भी उत्सव में शामिल होंगे।
तीज मिलन उत्सव के दौरान छत्तीसगढ़ की पारंपरिक संस्कृति और लोक जीवन की झलक देखने को मिलेगी। आयोजन में पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजन, लोक-सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और तीजा पर्व से जुड़े पारंपरिक रंग आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम का उद्देश्य छत्तीसगढ़ के पारंपरिक पर्वों और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाना तथा नई पीढ़ी को अपनी लोक परंपराओं से जोड़ना है। तीज मिलन के जरिए आपसी मेल-जोल और सामाजिक सहभागिता का संदेश भी दिया जाएगा।