मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय होंगे मुख्य अतिथि, मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा करेंगे अध्यक्षता; नए आपराधिक कानूनों और डिजिटल तकनीकों पर होगा मंथन
रायपुर, 1 अगस्त 2026।
छत्तीसगढ़ में न्याय व्यवस्था को आधुनिक, पारदर्शी और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इसी कड़ी में 2 अगस्त को रायपुर के होटल बेबीलॉन इंटरनेशनल में ‘नवीन आपराधिक कानूनों के माध्यम से डिजिटल न्याय व्यवस्था को सशक्त बनाना’ विषय पर राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित होगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा इसकी अध्यक्षता करेंगे।
कार्यशाला में उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा, विधि एवं विधायी कार्य मंत्री गजेन्द्र यादव, न्यायमूर्ति चंद्रवंशी सहित उच्च न्यायालय के न्यायाधीश, न्यायिक अधिकारी, सभी जिलों के पुलिस अधीक्षक, पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस महानिदेशक और अभियोजन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।
इस दौरान अंतर-संचालनीय आपराधिक न्याय प्रणाली (आईसीजेएस), अपराध एवं अपराधी ट्रैकिंग नेटवर्क प्रणाली (सीसीटीएनएस), डिजिटल न्यायिक समन्वय और नए आपराधिक कानूनों में तकनीकी एकीकरण जैसे अहम विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा विस्तृत प्रस्तुतीकरण और चर्चा होगी। राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) और राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) के विशेषज्ञ भी तकनीकी प्रशिक्षण देंगे।
सरकार का उद्देश्य न्यायपालिका, पुलिस और अभियोजन तंत्र के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर डिजिटल तकनीकों के माध्यम से नागरिकों को त्वरित, पारदर्शी, सरल और प्रभावी न्याय उपलब्ध कराना है। यह कार्यशाला छत्तीसगढ़ में डिजिटल न्याय व्यवस्था को नई दिशा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।