बाढ़ में फंसे 18 लोगों का एयर रेस्क्यू, MI-17 हेलीकॉप्टर से सुरक्षित निकाला गया

जगदलपुर, 27 सितंबर 2026। बस्तर संभाग में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच डोंगाघाट क्षेत्र में बाढ़ के हालात गंभीर हो गए। अचानक बढ़े जलस्तर के कारण बाढ़ का पानी घरों में घुस गया और कई ग्रामीणों सहित छोटे बच्चे भी घरों की छतों पर फंस गए।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन और सुरक्षा बलों ने तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया। रविवार को भारतीय वायुसेना के MI-17 हेलीकॉप्टर की मदद से डोंगाघाट में फंसे 18 लोगों को एयरलिफ्ट कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। बाढ़ के बीच हेलीकॉप्टर से किए गए इस रेस्क्यू अभियान में वायुसेना की टीम ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।

रेस्क्यू अभियान की निगरानी बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा और पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा ने की। प्रशासन के अनुसार, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है। प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाने के साथ नावों और अन्य माध्यमों से भी लोगों को सुरक्षित स्थानों और राहत शिविरों तक पहुंचाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *