देहरादून 20सितंबर 2026/उत्तराखंड के देहरादून में रायपुर थाना क्षेत्र के मालदेवता से आगे रविवार को लोहे के पुल पर एक युवक का शव रस्सी के सहारे लटका मिला। घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी, जिसके बाद मालदेवता चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने शव को नीचे उतारकर घटनास्थल पर फील्ड यूनिट की टीम को बुलाया और जरूरी साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए कोरोनेशन अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक, युवक की पहचान कर ली गई है। वह मूल रूप से देहरादून के रानीपोखरी का रहने वाला था और हाल ही में बालावाला में रह रहा था।
मौके पर मिली स्कूटी, रिश्तेदार की निकली
घटनास्थल के पास पुलिस को एक स्कूटी भी खड़ी मिली थी। जांच में सामने आया कि स्कूटी युवक के रिश्तेदार की है। पुलिस ने बताया कि युवक के शरीर पर चोट या संघर्ष के कोई स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। परिजनों ने भी शव की पहचान कर ली है।
फिलहाल पुलिस ने पंचायतनामा और पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।