स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का बड़ा ऐलान: नक्सल मुक्त छत्तीसगढ़ से AI मिशन तक, विकास का रोडमैप पेश

रायपुर। 15अगस्त 2026/स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस परेड ग्राउंड, रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ के विकास और सुशासन का विस्तृत रोडमैप सामने रखा। मुख्यमंत्री ने नक्सलवाद, किसानों, आदिवासियों, महिलाओं, युवाओं, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, अधोसंरचना और तकनीक सहित विभिन्न क्षेत्रों में सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नक्सल मुक्त भारत का संकल्प पूरा हो चुका है और अब बस्तर के नवनिर्माण का स्वर्णिम समय है। उन्होंने बताया कि ‘नियद नेल्ला नार 2.0’ और ‘बस्तर मुन्ने अभियान’ के माध्यम से 31 योजनाओं और 14 सामुदायिक सुविधाओं का शत-प्रतिशत लाभ बस्तर संभाग के 39 लाख से अधिक लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।

किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल धान का मूल्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों का सम्मान और समृद्धि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल और 21 क्विंटल प्रति एकड़ के मान से धान का मूल्य दिया जा रहा है। फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने के लिए धान के स्थान पर दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो, कुटकी और रागी जैसी फसलें लेने पर 15 हजार रुपये की आदान सहायता देने का निर्णय लिया गया है।

सिंचाई का दायरा बढ़ाने के लिए 11 हजार करोड़ रुपये से अधिक की मंजूरी और सिकासार-कोडार नहर लिंकिंग परियोजना के लिए 3,047 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति की जानकारी भी मुख्यमंत्री ने दी।

महिलाओं और गरीब परिवारों पर फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘महतारी वंदन योजना’ के तहत 70 लाख महिलाओं के खातों में अब तक 19,444 करोड़ रुपये भेजे जा चुके हैं। वहीं 73 लाख परिवारों को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना और मुख्यमंत्री खाद्यान्न सहायता योजना के माध्यम से निःशुल्क खाद्यान्न दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में 13 लाख 85 हजार महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।

युवाओं के लिए रोजगार और भर्ती के बड़े ऐलान

मुख्यमंत्री ने पुलिस में 7 हजार युवाओं की भर्ती, शिक्षक एवं सहायक शिक्षक के 3,946 पदों पर भर्ती प्रक्रिया और बिजली कंपनियों में 1,235 पदों पर भर्ती की जानकारी दी।

अग्निवीरों के लिए बड़ा ऐलान करते हुए उन्होंने कहा कि चार वर्ष की सैन्य सेवा पूरी करने वाले छत्तीसगढ़ के अग्निवीरों को पुलिस आरक्षक, वनरक्षक और जेल प्रहरी की सीधी भर्ती में 10 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा।

प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता के लिए छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल के गठन और नकल रोकने के लिए सख्त कानून का भी उल्लेख किया गया।

छत्तीसगढ़ में 500 करोड़ का AI मिशन

तकनीक के क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने 500 करोड़ रुपये के ‘छत्तीसगढ़ राज्य AI मिशन’ को मंजूरी देने की घोषणा की। इसके तहत 100 AI डेटा लैब, पांच सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और 50 से अधिक AI आधारित सेवाएं विकसित की जाएंगी। करीब 6 लाख विद्यार्थियों और 1.5 लाख सरकारी कर्मचारियों को AI प्रशिक्षण देने की योजना है।

स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में विस्तार

मुख्यमंत्री ने बताया कि इसी सत्र से गीदम, कुनकुरी, जांजगीर-चांपा, मनेंद्रगढ़ और कवर्धा में पांच नए मेडिकल कॉलेज शुरू किए जा रहे हैं। वहीं छह शासकीय इंजीनियरिंग एवं पॉलीटेक्निक कॉलेजों को CGIT के रूप में विकसित किया जा रहा है।

राज्य में आयुष्मान योजना के माध्यम से 91 प्रतिशत आबादी को मुफ्त इलाज की सुविधा मिलने का दावा करते हुए उन्होंने नवा रायपुर में मेडिसिटी निर्माण की जानकारी दी।

उद्योग और निवेश को बढ़ावा

मुख्यमंत्री के अनुसार नई औद्योगिक नीति के तहत देश-दुनिया में आयोजित इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रमों से अब तक 8.23 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिससे 1.74 लाख रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

नवा रायपुर में प्रदेश की पहली गारमेंट इकाई, मुंगेली में भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड का प्लांट, 23 नए औद्योगिक क्षेत्र और राजनांदगांव में इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर 2.0 जैसी परियोजनाओं का भी उल्लेख किया गया।

आवास, सड़क और कनेक्टिविटी पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक प्रदेश में 24.50 लाख आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं और प्रतिदिन औसतन 1,600 घर बनाए जा रहे हैं। पिछले ढाई वर्षों में 829 मोबाइल टावर लगाए गए हैं, जबकि भारतनेट 3.0 के तहत 5,659 ग्राम पंचायतों को हाईस्पीड इंटरनेट से जोड़ने की योजना है।

‘मेरी बेटी-मेरा अभिमान’ अभियान की शुरुआत

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘मेरी बेटी-मेरा अभिमान’ अभियान शुरू करने की घोषणा की। इसके तहत प्रदेश के 6,671 शासकीय विद्यालयों में बेटियों के लिए शौचालय बनाए जाएंगे।

पर्यटन और संस्कृति को भी बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने बस्तर और सरगुजा में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार के लिए ‘मुख्यमंत्री पर्यटन मिशन’ की घोषणा की। चित्रकोट को ग्लोबल टूरिस्ट डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने और वहां टेंट सिटी बनाने की योजना बताई गई। सिरपुर को विश्व धरोहर स्थल के मानकों के अनुरूप विकसित करने की बात भी कही गई।

उन्होंने छत्तीसगढ़ी लोककला और सिनेमा के संरक्षण के लिए डॉ. तीजन बाई लोककला अलंकरण और ‘चित्रोत्पला फिल्म सिटी’ निर्माण की योजना का भी उल्लेख किया।

सुशासन और डिजिटल सेवाओं पर जोर

मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘CM हेल्पलाइन 1076’ के माध्यम से 80 हजार से अधिक शिकायतों का निराकरण किया गया है। ‘सेवा सेतु पोर्टल’ के जरिए 700 से अधिक सरकारी सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही हैं। प्रदेश में नौ नए साइबर पुलिस थाने और डायल 112 सेवा लागू किए जाने की जानकारी भी दी गई।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन के अंत में विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ को सामूहिक लक्ष्य बताते हुए प्रदेशवासियों से एकजुट होकर विकास की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा—“जय हिन्द, जय छत्तीसगढ़।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *