आगरा में एक ही रात दो घरों में बड़ी चोरी, करोड़ों के जेवर पर चोरों ने किया हाथ साफ

22सितंबर 2026/

आगरा के थाना कागारौल क्षेत्र के नगला परमाल गांव में सोमवार रात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाया। दोनों वारदातों में नकदी और सोने-चांदी के आभूषण समेत करीब एक करोड़ रुपये की संपत्ति चोरी होने की बात सामने आई है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

जानकारी के मुताबिक, अशोक चाहर अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। इसी दौरान चोर दूसरी मंजिल की कांच की खिड़की को खिसकाकर घर में दाखिल हुए। चोरों ने अलमारियां खोलकर करीब 90 हजार रुपये नकद और लगभग 70 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। पड़ोस में चोरी की जानकारी मिलने पर अशोक की नींद खुली तो उन्होंने अपने घर के दरवाजे खुले और सामान बिखरा देखा। शोर होने पर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। बताया गया कि चोर पीछे के रास्ते से खेतों की ओर फरार हो गए।

इसी रात गांव के दूसरे घर को भी चोरों ने निशाना बनाया। रोडवेज कर्मचारी मुकेश चाहर की पत्नी और बच्चे छत पर सो रहे थे। रात करीब दो बजे उनकी पत्नी के उठने पर सीढ़ियों की कुंडी टूटी मिली। नीचे जाकर देखा तो घर के दरवाजे खुले थे और सामान बिखरा पड़ा था। चोर संदूक का ताला तोड़कर करीब डेढ़ लाख रुपये नकद और लगभग 30 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण ले गए।

एक ही रात दो घरों में हुई चोरी की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस चोरों की पहचान और वारदात से जुड़े सुराग जुटाने में लगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *