12जून2026
जगदलपुर।11जून को बस्तर पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध गांजा की तस्करी के आरोप में मध्य प्रदेश के एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 15.654 किलोग्राम गांजा, एक मोबाइल फोन और नकदी समेत कुल 7 लाख 87 हजार 700 रुपये का सामान जब्त किया गया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जगदलपुर के नए बस स्टैंड के पीछे एक युवक दो बैग में गांजा लेकर बस का इंतजार कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम शुभम प्रजापति (28 वर्ष) निवासी ट्रांसपोर्ट नगर, भोपाल (मध्य प्रदेश) बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से दो बैग में रखी 15.654 किलोग्राम गांजा, एक टच स्क्रीन मोबाइल और 500 रुपये नकद बरामद किए गए।
आरोपी गांजा रखने और उसके परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने मादक पदार्थ को जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(ii)(B) के तहत मामला दर्ज किया। आरोपी को गिरफ्तार कर विशेष एनडीपीएस न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार और युवाओं को नशे की ओर धकेलने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।