हर घर नल, हर चेहरे पर मुस्कान: जल जीवन मिशन ने बदली बस्तर की महिलाओं की जिंदगी

11जून2026

जगदलपुर। कभी पीने के पानी के लिए रोजाना कई किलोमीटर तक पैदल चलने को मजबूर रहने वाली बस्तर की महिलाओं के जीवन में अब बड़ा बदलाव दिखाई दे रहा है। घर-घर तक नल से स्वच्छ पेयजल पहुंचाने वाली जल जीवन मिशन योजना ने न केवल उनकी मुश्किलें कम की हैं, बल्कि उन्हें सम्मान, सुविधा और बेहतर स्वास्थ्य भी दिया है।

बस्तर जिले के तोकापाल विकासखंड के ग्राम दुगनपाल में यह बदलाव साफ नजर आता है। यहां रहने वाली कमली और गांव की अन्य महिलाओं के लिए अब पानी जुटाना रोज की चिंता नहीं रह गई है। सुबह उठते ही घर के आंगन में लगे नल से पानी आते देख उनके चेहरे पर खुशी झलकती है। वर्षों तक कुएं और हैंडपंप से पानी ढोने के बाद अब घर बैठे पानी मिलने से उनकी जिंदगी आसान हो गई है।

चार दिवसीय बस्तर प्रवास पर पहुंचे उप मुख्यमंत्री एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री अरुण साव ने दुगनपाल गांव का दौरा कर जल जीवन मिशन के कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणों के घरों में जाकर नल से हो रही जलापूर्ति का जायजा लिया। इस दौरान महिलाओं ने उन्हें बताया कि योजना शुरू होने के बाद उनके जीवन में बड़ा सकारात्मक बदलाव आया है।

ग्रामीण क्षेत्रों में लंबे समय से पानी की व्यवस्था का दायित्व मुख्य रूप से महिलाओं पर ही रहा है। खासकर गर्मी के मौसम में जलस्रोत सूखने लगते थे और महिलाओं को कई किलोमीटर दूर जाकर पानी लाना पड़ता था। इस कार्य में उनका काफी समय और श्रम खर्च होता था। अब घर तक पानी पहुंचने से उन्हें इस परेशानी से राहत मिली है।

जल जीवन मिशन का लाभ केवल सुविधा तक सीमित नहीं है। स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल मिलने से जलजनित बीमारियों का खतरा भी कम हुआ है। पहले दूषित पानी के कारण पेट और त्वचा संबंधी समस्याएं आम थीं, लेकिन अब गुणवत्तापूर्ण जल उपलब्ध होने से ग्रामीणों के स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है।

महिलाओं का कहना है कि पहले दिन का बड़ा हिस्सा पानी लाने में ही निकल जाता था, जबकि अब उनके पास बच्चों की देखभाल, खेती-किसानी और अन्य आजीविका संबंधी कार्यों के लिए अधिक समय उपलब्ध है। इससे परिवार की आर्थिक और सामाजिक स्थिति में भी सुधार देखने को मिल रहा है।

छत्तीसगढ़ में जल जीवन मिशन के तहत हजारों पेयजल योजनाएं पूरी कर पंचायतों को संचालन के लिए सौंपी जा चुकी हैं। योजना का उद्देश्य केवल घर-घर पानी पहुंचाना नहीं, बल्कि ग्रामीण परिवारों, विशेषकर महिलाओं के जीवन स्तर को बेहतर बनाना भी है। बस्तर जैसे दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों में यह मिशन अब लोगों के जीवन में बदलाव की नई कहानी लिख रहा है।

जल जीवन मिशन ने साबित कर दिया है कि घर तक पहुंचा एक नल केवल पानी नहीं लाता, बल्कि सुविधा, सम्मान, समय और बेहतर भविष्य भी लेकर आता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *