11जून2026
जगदलपुर। बस्तर जिले में बुधवार शाम अचानक बदले मौसम ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। तेज आंधी, तूफान और बारिश के बीच दरभा विकासखंड के कोयनार गांव के पटेलपारा में एक बड़ा हादसा हो गया, जब तेज हवाओं के चलते एक विशाल इमली का पेड़ सीधे एक मकान पर आ गिरा। हादसे में घर के भीतर मौजूद एक महिला घायल हो गई, जबकि घर में मौजूद अन्य सदस्य सुरक्षित बच गए।
जानकारी के अनुसार, शाम के समय मौसम ने अचानक करवट ली और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान कोयनार पटेलपारा निवासी सामनाथ कश्यप के मकान के पास खड़ा पुराना इमली का पेड़ जड़ से उखड़कर घर की छत पर गिर पड़ा। पेड़ गिरने की जोरदार आवाज से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। उस समय घर के अंदर परिवार के कई सदस्य मौजूद थे।
हादसे में फूलो कश्यप पेड़ की चपेट में आकर घायल हो गईं। घटना के तुरंत बाद परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद घायल महिला को सुरक्षित बाहर निकाला गया और उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार महिला की हालत फिलहाल स्थिर है और वह खतरे से बाहर बताई जा रही हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि आंधी-तूफान इतना तेज था कि कई स्थानों पर पेड़ों की शाखाएं टूटकर सड़कों पर गिर गईं। इससे कुछ समय के लिए आवागमन भी प्रभावित हुआ। कई कच्चे मकानों और कमजोर ढांचों को भी नुकसान पहुंचने की खबर है। अचानक आए इस मौसम परिवर्तन ने ग्रामीणों को सतर्क रहने के लिए मजबूर कर दिया है।
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी बस्तर संभाग के कई क्षेत्रों में तेज हवा, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन और मौसम विशेषज्ञों ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, बड़े पेड़ों और कमजोर संरचनाओं से दूर रहने की सलाह दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि हादसे के वक्त परिवार के सदस्य समय रहते सुरक्षित स्थान पर नहीं पहुंचते, तो बड़ा नुकसान हो सकता था।