चित्रकोट में सरपंच की भूख हड़ताल का तीसरा दिन, 7 मांगों पर अड़ा प्रशासन से आर-पार का ऐलान

जगदलपुर। 27अगस्त 2026/छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल चित्रकोट में 7 सूत्रीय मांगों को लेकर ग्राम पंचायत के सरपंच भंवर मौर्य पिछले तीन दिनों से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं। सरपंच ने स्थानीय प्रशासन पर मांगों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए स्पष्ट किया है कि मांगें पूरी होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

दरअसल, वित्तीय अनियमितताओं के चलते स्थानीय प्रशासन ने पर्यटन स्थल की नाका समिति पर प्रतिबंध लगाकर नाका सील कर दिया था। इसके बाद से चित्रकोट पर्यटन केंद्र में नाका, पार्किंग और सफाई व्यवस्था प्रभावित है। सरपंच भंवर मौर्य ने नाका समिति पर लगाए गए प्रतिबंध को हटाकर समिति को दोबारा बहाल करने की मांग की है।

7 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन

सरपंच की प्रमुख मांगों में ग्राम सभा द्वारा पारित प्रस्तावों को स्वीकार करना, चित्रकोट पंचायत के प्राथमिक स्कूलों में शिक्षकों की व्यवस्था करना और खरियागुड़ा पारा में बिजली की सुविधा उपलब्ध कराना शामिल है। इसके अलावा पर्यटन स्थल की व्यवस्थाओं को सुचारु करने समेत कुल 7 मांगें प्रशासन के सामने रखी गई हैं।

तीन दिन से जारी है भूख हड़ताल

सरपंच के अनुसार, आंदोलन को तीन दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक प्रशासन की ओर से उनकी भूख हड़ताल खत्म कराने या मांगों पर ठोस पहल करने के लिए कोई गंभीर प्रयास नहीं किया गया है। ऐसे में उन्होंने मांगें पूरी होने तक अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल जारी रखने का ऐलान किया है।

अब देखना होगा कि चित्रकोट की स्थानीय समस्याओं और सरपंच की 7 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रशासन कब तक कोई ठोस कदम उठाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *