शामली: 27अगस्त 2026/हरियाणवी गायक और गीतकार अंकित बालियान की हत्या ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है। लेकिन उनकी मौत के बाद सामने आई आखिरी इंस्टाग्राम रील ने इस सनसनीखेज वारदात को और भी रहस्यमय बना दिया है। हत्या से महज एक-दो घंटे पहले अंकित ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें वह ऐसा गाना गाते नजर आए, जिसके बोल में ‘मर्डर मार दे सड़क के ऊपर’ जैसी लाइन थी। कुछ ही घंटे बाद अंकित की भी सड़क पर गोली मारकर हत्या कर दी गई।
आखिरी रील बनी चर्चा का केंद्र
26 अगस्त की शाम अंकित ने अपनी इंस्टाग्राम रील पोस्ट की। वीडियो में वह बेहद सामान्य और खुश नजर आ रहे थे। उस वक्त किसी को अंदाजा नहीं था कि यह उनकी जिंदगी की आखिरी सोशल मीडिया पोस्ट बनने वाली है।
अंकित की हत्या की खबर सामने आने के बाद जब लोगों ने उनकी आखिरी रील दोबारा देखी तो गाने की एक लाइन ने सभी को चौंका दिया। ‘मर्डर मार दे सड़क के ऊपर’ के बोल और कुछ घंटों बाद सड़क पर हुई उनकी हत्या के बीच का संयोग सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा का विषय बन गया।
जिम से निकलते ही ताबड़तोड़ फायरिंग
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शामली कोतवाली क्षेत्र में बुधवार शाम करीब 7 बजे अंकित जिम से वर्कआउट कर बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे तीन से चार हथियारबंद बदमाशों ने उन पर अचानक गोलियां बरसा दीं।
हमलावरों ने कई राउंड फायरिंग की। गंभीर रूप से घायल अंकित को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हत्या की वजह अब भी रहस्य
वारदात के बाद अंकित के परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हमलावरों तक पहुंचने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस अंकित की हालिया गतिविधियों और संपर्कों की भी जांच कर रही है। हालांकि, हत्या के पीछे की वजह क्या थी, इसका आधिकारिक खुलासा अभी नहीं हुआ है।
तीन साल में बनाई थी खास पहचान
शामली के बंतीखेड़ा गांव के रहने वाले अंकित बालियान ने महज कुछ वर्षों में हरियाणवी संगीत जगत में अपनी अलग पहचान बनाई थी। उनके गानों में ग्रामीण जीवन, देसी अंदाज और हरियाणवी संस्कृति की झलक देखने को मिलती थी।
उनके चर्चित गानों में ‘एक खटोला जेल के भीतर’, ‘भारी कोर्ट में गोली मारेंगे’, ‘जाट जाटणी’, ‘112 एनई’, ‘सिस्टम’ और ‘राइफलें’ जैसे गाने शामिल हैं। उन्होंने कई चर्चित क्षेत्रीय कलाकारों के साथ भी काम किया था।
अंकित की मौत के बाद उनकी आखिरी रील अब लोगों के बीच सबसे ज्यादा चर्चा में है। गाने के बोल और हत्या के तरीके के बीच का यह संयोग भले ही महज इत्तेफाक हो, लेकिन इसने अंकित के फैंस को अंदर तक झकझोर दिया है।