11मई2026
जगदलपुर। बस्तर पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए बोधघाट थाना क्षेत्र से प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल बेचने की तैयारी में बैठे दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध नशीली कैप्सूल और नगदी रकम बरामद की गई है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हाटकचोरा स्थित बतख गोदाम चौक के पास दो युवक प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल लेकर ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और दोनों संदेहियों को घेराबंदी कर पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास रखे पॉलीथिन से प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल Pyeevon Spas Plus Tramadol Hcl के 53 पत्ते, कुल 424 नग बरामद किए गए, जिनकी कीमत लगभग 1 लाख 69 हजार 600 रुपये बताई गई है। साथ ही 430 रुपये नगद भी जब्त किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नयन दीप सिंह उर्फ राजा (27 वर्ष) निवासी हाटकचोरा अनुकूल देव वार्ड और मोहित बघेल (23 वर्ष) निवासी अनुकूल देव वार्ड, जगदलपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है। बस्तर पुलिस द्वारा जिले में नशे के कारोबार और असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।