रायपुर8जुलाई 2026/छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) का लाभ हर पात्र परिवार तक पहुंचाने के लिए उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखकर आवश्यक पहल करने का आग्रह किया है। उन्होंने 28-29 जून को नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय ग्रामीण सम्मेलन के सफल आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल है।
पत्र में उपमुख्यमंत्री ने बताया कि 24 जून को प्रदेशभर में आयोजित ग्राम सभाओं में आवास प्लस 2.0 की सूची प्रस्तुत किए जाने के दौरान कई व्यावहारिक समस्याएं सामने आईं। कई पात्र परिवार पलायन या अन्य कारणों से सर्वे के समय उपलब्ध नहीं हो सके, जिससे उनका नाम सूची में शामिल नहीं हो पाया। वहीं कुछ परिवारों का सर्वे होने के बावजूद तकनीकी कारणों से उनकी जानकारी पोर्टल पर प्रदर्शित नहीं हो सकी।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इन कारणों से बड़ी संख्या में वास्तविक पात्र परिवार प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की स्वीकृति से वंचित रह गए हैं। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से अनुरोध किया है कि भारत सरकार स्तर पर आवश्यक निर्णय लेकर इन समस्याओं का समाधान किया जाए, ताकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “हर पात्र परिवार को आवास” के संकल्प को पूरी तरह साकार किया जा सके। उन्होंने छत्तीसगढ़ के प्रति केंद्रीय मंत्री के निरंतर सहयोग और मार्गदर्शन के लिए भी आभार व्यक्त किया।
PM आवास से कोई पात्र परिवार न छूटे: उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने शिवराज सिंह चौहान को लिखा पत्र, केंद्र से मांगा त्वरित समाधान