छत्तीसगढ़ के प्रतिभाशाली युवाओं और स्वैच्छिक संगठनों को मिली राहत, आवेदन की तारीख बढ़ाई गई
जगदलपुर, 04 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के प्रतिभाशाली युवाओं और स्वैच्छिक संगठनों के लिए अच्छी खबर है। राज्य शासन के खेल एवं युवा कल्याण संचालनालय ने युवा रत्न सम्मान योजना के तहत आवेदन करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 15 नवंबर 2026 कर दी है। पहले आवेदन की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर निर्धारित थी।
जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी शशांक पॉल ने बताया कि संशोधित कार्यक्रम के अनुसार 16 से 30 नवंबर तक जिला स्तरीय समितियों द्वारा प्राप्त आवेदनों का परीक्षण किया जाएगा। इसके बाद पात्र आवेदनों को 1 से 15 दिसंबर 2026 तक संचालनालय भेजा जाएगा।
विभाग द्वारा चयनित उम्मीदवारों की अंतिम सूची 1 जनवरी 2027 को जारी की जाएगी। वहीं, स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर 12 जनवरी 2027 को राष्ट्रीय युवा दिवस के मौके पर आयोजित समारोह में चयनित प्रतिभाओं को युवा रत्न सम्मान से अलंकृत किया जाएगा।
योजना के तहत आवेदन करने के इच्छुक युवा एवं स्वैच्छिक संगठन पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और अन्य दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी विभाग की आधिकारिक वेबसाइट sportsyw.cg.gov.in पर प्राप्त कर सकते हैं।