रायपुर11सितम्बर 2026/छत्तीसगढ़ में विद्यार्थियों और आम लोगों की सुरक्षा को लेकर सरकार ने सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अधिकारियों को कहा है कि किसी हादसे के बाद कार्रवाई करने के बजाय संभावित खतरों की पहले ही पहचान कर उन्हें दूर किया जाए।
मुख्यमंत्री ने सभी जिलों में स्कूल, हॉस्टल, पीजी, कोचिंग सेंटर, पुस्तकालय और बड़े भवनों का तत्काल सुरक्षा निरीक्षण और सेफ्टी ऑडिट कराने के निर्देश दिए हैं। जर्जर या जोखिम वाले भवनों की स्थिति की जांच कर सुरक्षा मानकों में पाई जाने वाली कमियों को तय समय में दूर करने को कहा गया है। विद्यार्थियों और बच्चों से जुड़े परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करने की बात कही गई है।
अवैध और मिलावटी शराब पर संयुक्त कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने अवैध और मिलावटी शराब के निर्माण, भंडारण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ पुलिस, आबकारी विभाग और जिला प्रशासन को मिलकर अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। दूसरे राज्यों से होने वाली शराब की तस्करी रोकने के लिए सीमावर्ती इलाकों और प्रमुख परिवहन मार्गों पर निगरानी बढ़ाई जाएगी।
लापरवाही मिली तो अधिकारियों पर होगी कार्रवाई
समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि निर्देशों के पालन में लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी और जरूरत पड़ने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई भी होगी। बैठक में मुख्य सचिव विकास शील समेत वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।