कांकेर, 21 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के युवाओं को अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता प्रदर्शित करने का अवसर देने के लिए कांकेर में जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन 29 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से नया बस स्टैंड स्थित डोम में प्रस्तावित है। इसमें शामिल होने के इच्छुक युवाओं के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि 28 अक्टूबर निर्धारित की गई है।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, युवा उत्सव में लोकनृत्य, लोकगीत, चित्रकला, कविता लेखन, नुक्कड़ नाटक, पारंपरिक वेशभूषा, विकसित भारत चैलेंज ट्रैक और क्रिएटिव यूथ रील चैलेंज जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। रॉकबैंड प्रतियोगिता केवल राज्य स्तर पर आयोजित होगी।
15 से 29 वर्ष के युवा ले सकेंगे हिस्सा
प्रतियोगिताओं में 17 अगस्त 2026 की स्थिति में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा प्रतिभागी भाग ले सकेंगे, जबकि संगतकारों के लिए आयु सीमा 18 से 40 वर्ष निर्धारित की गई है। विभाग ने इच्छुक प्रतिभागियों से ‘माई भारत’ पोर्टल पर अधिक से अधिक संख्या में पंजीयन कराने की अपील की है।
राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने का मौका
भारत सरकार द्वारा निर्धारित विधाओं में जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागियों और दलों को राष्ट्रीय युवा उत्सव में राज्य का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। राष्ट्रीय युवा उत्सव का आयोजन 10 से 12 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली में प्रस्तावित है।
वहीं, पूर्व में विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग के राष्ट्रीय स्तर पर भाग ले चुके प्रतिभागी इस वर्ष उक्त डायलॉग के लिए पात्र नहीं होंगे।
युवा उत्सव में भाग लेने और प्रतियोगिताओं से जुड़ी अधिक जानकारी प्राप्त करने के लिए इच्छुक प्रतिभागी कार्यालयीन समय में जिला खेल अधिकारी, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, उत्तर बस्तर कांकेर से संपर्क कर सकते हैं।