राजनांदगांव, 21 अक्टूबर 2026। विजयादशमी के मौके पर राजनांदगांव की पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा का एक वीडियो चर्चा में है। नीली साड़ी में शस्त्र पूजा में शामिल हुईं एसपी ने तलवार से पारंपरिक रस्म निभाई और इसके बाद AK-47 से हर्ष फायर किया। उनके इस अंदाज ने लोगों का ध्यान खींचा है।
राजनांदगांव के रक्षित केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने विधि-विधान से शस्त्रों का पूजन किया। यह आयोजन पुलिस विभाग की उस परंपरा का हिस्सा है, जिसमें विजयादशमी पर शस्त्रों की पूजा कर उनकी जिम्मेदारी और महत्व को याद किया जाता है।
पूजा के दौरान मां शक्ति की आराधना की गई। पुलिसकर्मियों ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों पर अंकुश लगाने और नागरिकों की सुरक्षा के लिए तत्पर रहने का संकल्प भी दोहराया।
एसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी विजयादशमी पर शस्त्र पूजन किया गया। उन्होंने समाज की बुराइयों के अंत और अपने कर्तव्यों को पूरी निष्ठा से निभाने की शक्ति के लिए मां भवानी से प्रार्थना की।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर समेत जिले के कई पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। जिले के विभिन्न थानों, चौकियों और पुलिस कैंपों में भी शस्त्र पूजन के आयोजन किए गए।