45वें भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में हस्तशिल्प, मिलेट, हर्बल उत्पादों और लोक संस्कृति का होगा प्रदर्शन
रायपुर, 21 अक्टूबर 2026। नई दिल्ली के प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में 14 से 27 नवंबर 2026 तक आयोजित होने वाले 45वें भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ अपनी समृद्ध संस्कृति, पारंपरिक हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों की आकर्षक झलक प्रस्तुत करेगा। इस वर्ष मेले की थीम ‘विकास और विरासत’ रखी गई है। छत्तीसगढ़ पवेलियन के माध्यम से प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान के साथ-साथ औद्योगिक विकास और निवेश की संभावनाओं को भी राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित किया जाएगा।
इस संबंध में बुधवार को मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पवेलियन के निर्माण, सुरक्षा, ब्रांडिंग और अन्य व्यवस्थाओं को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
मिलेट से लेकर हर्बल उत्पादों तक दिखेगी छत्तीसगढ़ की खास पहचान
व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ के प्रमुख कृषि उत्पादों और मिलेट को विशेष स्थान दिया जाएगा। कोदो, कुटकी और रागी जैसे पोषक अनाजों के साथ अन्य विशिष्ट स्थानीय उत्पादों का आकर्षक प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग और लघु वनोपज संघ के माध्यम से छत्तीसगढ़ के हर्बल उत्पादों के प्रदर्शन एवं बिक्री की व्यवस्था की जाएगी।
प्रदेश के हस्तशिल्पियों, स्व-सहायता समूहों और स्थानीय उद्यमियों को भी अपने उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री के लिए मंच मिलेगा। इससे छत्तीसगढ़ के पारंपरिक हुनर और स्थानीय उत्पादों को व्यापक पहचान दिलाने का अवसर मिलेगा।
औद्योगिक निवेश और पर्यटन का भी होगा प्रचार
छत्तीसगढ़ पवेलियन में प्रदेश की नवीन औद्योगिक विकास नीति 2024-2030 और विभिन्न निवेश योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इसके साथ ही पर्यटन विभाग राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों की जानकारी प्रस्तुत करेगा, जिससे प्रदेश की पर्यटन संभावनाओं को बढ़ावा मिल सके।
ग्रामोद्योग विभाग के अंतर्गत हथकरघा बुनकर सहकारी संघ और ‘शबरी’ के माध्यम से हस्तशिल्प एवं हथकरघा उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।
राज्य दिवस पर लोक कलाकारों की प्रस्तुतियां
मेले के दौरान छत्तीसगढ़ पवेलियन में राज्य दिवस का आयोजन भी किया जाएगा। इस अवसर पर प्रदेश के लोक कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इसके लिए अधिकारियों को कार्यक्रमों की रूपरेखा और आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
14 से 18 नवंबर तक व्यापारिक आगंतुकों के लिए विशेष आयोजन
भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले का आयोजन 14 से 27 नवंबर 2026 तक होगा। मेले के शुरुआती पांच दिन, यानी 14 से 18 नवंबर तक, विशेष रूप से व्यापारिक एवं व्यावसायिक आगंतुकों के लिए आरक्षित रहेंगे। इसके बाद आम जनता के लिए भी मेले में प्रवेश की व्यवस्था रहेगी और आयोजन 27 नवंबर तक चलेगा।
समीक्षा बैठक में प्रधान मुख्य वन संरक्षक अरुण पाण्डेय, वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार, वित्त एवं जनसंपर्क विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, संस्कृति एवं पर्यटन विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, जनसंपर्क संचालक आशीष टिकरिया, सीएसआईडीसी के प्रबंध संचालक विश्वेश कुमार सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।