बस्तर दशहरा में आस्था का अद्भुत संगम, धूमधाम से संपन्न हुई मावली परघाव की रस्म

जगदलपुर21अक्टूबर 2026/विश्वप्रसिद्ध बस्तर दशहरा पर्व की प्रमुख रस्म मावली परघाव मंगलवार देर रात जगदलपुर स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुई। इस अवसर पर दंतेवाड़ा से पहुंचीं मां मावली की डोली और छत्र का बस्तर राज परिवार तथा श्रद्धालुओं ने भव्य स्वागत किया। दो देवियों के मिलन की इस ऐतिहासिक रस्म को देखने के लिए हजारों की संख्या में लोग उमड़ पड़े। पूरा मंदिर परिसर भक्ति, उत्साह और आतिशबाजी से गूंज उठा।

मां मावली की डोली और छत्र के जगदलपुर पहुंचने पर बस्तर राज परिवार के सदस्य कमलचंद भंजदेव ने फूलों और आतिशबाजी के साथ उनका स्वागत किया। बस्तर की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं में विशेष स्थान रखने वाली यह रस्म सदियों से श्रद्धा और सम्मान के साथ निभाई जा रही है। मान्यता है कि बस्तर रियासत काल से लगभग 600 वर्षों से इस परंपरा का निर्वहन किया जा रहा है। तत्कालीन महाराजा रुद्र प्रताप देव के समय भी मां मावली की डोली का भव्य स्वागत किया जाता था, जो आज भी उसी परंपरा के अनुरूप जारी है।

परंपराओं के अनुसार, मां मावली को कर्नाटक के मलवल्ली गांव की देवी माना जाता है। मान्यता है कि छिंदक नागवंशीय शासकों के शासनकाल में देवी बस्तर आई थीं। नौवीं से चौदहवीं शताब्दी तक बस्तर में शासन करने वाले छिंदक नागवंश के बाद जब चालुक्य राजा अन्नम देव ने यहां अपना राज्य स्थापित किया, तब उन्होंने मां मावली को अपनी कुलदेवी के रूप में स्वीकार किया। देवी के प्रति सम्मान प्रकट करने और उनका विधिवत स्वागत करने के लिए मावली परघाव की परंपरा शुरू हुई।

इस रस्म के दौरान परंपरानुसार राजा, राजगुरु और पुजारी नंगे पांव राजमहल से मंदिर परिसर तक पहुंचते हैं। मां मावली की डोली की अगुवाई और पूजा-अर्चना के बाद उसे कंधों पर उठाकर राजमहल स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर में लाया जाता है। बस्तर दशहरा के समापन पर मां मावली की डोली को पूरे सम्मान के साथ विदाई दी जाती है।

मावली परघाव की यह रस्म बस्तर की प्राचीन धार्मिक मान्यताओं, राजपरंपराओं और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। हर साल की तरह इस बार भी श्रद्धालुओं की भारी मौजूदगी ने बस्तर दशहरा की विशिष्ट पहचान और जनआस्था को जीवंत कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *