नशीली कफ सिरप की बड़ी खेप जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार; कार समेत 6.23 लाख की संपत्ति जब्त

जगदलपुर, 21 अक्टूबर 2026। बस्तर जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बोधघाट पुलिस ने नशीली कफ सिरप का परिवहन कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 300 नग नशीली कफ सिरप जब्त की है, जिसकी कीमत 63 हजार रुपये बताई गई है। कार्रवाई के दौरान स्विफ्ट कार और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 21 अक्टूबर की सुबह मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सिल्वर रंग की स्विफ्ट कार में नशीली कफ सिरप लेकर दो व्यक्ति जगदलपुर से गीदम की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर बोधघाट पुलिस ने गीदम रोड स्थित वन विद्यालय के पास जांच और घेराबंदी की। इस दौरान संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान कार में रखी सफेद बोरी और दो कार्टून से 100-100 मिलीलीटर की कुल 300 शीशियां बरामद हुईं। इनमें कुल 30 लीटर कफ सिरप थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों से सिरप रखने और बिक्री के संबंध में दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वीर कुमार झा, निवासी गीदम, जिला दंतेवाड़ा और सुभम तिवारी, निवासी धरमपुरा नंबर-1, जगदलपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया। इसके बाद दोनों को न्यायिक रिमांड के लिए विशेष एनडीपीएस न्यायालय, जगदलपुर में पेश किया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 63 हजार रुपये की नशीली कफ सिरप, लगभग 5 लाख रुपये कीमत की स्विफ्ट कार और मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 6.23 लाख रुपये बताई गई है।

बस्तर पुलिस के अनुसार, जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है और इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *