जगदलपुर, 30 जुलाई 2026। बस्तर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नगरनार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अवैध रूप से गांजा परिवहन कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 8.375 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी उड़ीसा से गांजा लेकर रायपुर की ओर जा रहा था। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर नगरनार थाना क्षेत्र के धनपुंजी फॉरेस्ट नाका के पास घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम प्रदीप बेपारी (26 वर्ष), निवासी मलकानगिरी जिला, उड़ीसा बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी के बैग से कुल आठ पैकेटों में रखा 8.375 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। इसके साथ ही एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। पुलिस ने मौके पर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज किया।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मादक पदार्थ को उड़ीसा से छत्तीसगढ़ लाकर आगे परिवहन करने की फिराक में था। कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
बस्तर पुलिस द्वारा उड़ीसा-छत्तीसगढ़ सीमा से होने वाली मादक पदार्थों की तस्करी पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहने की बात कही गई है।
उड़ीसा से रायपुर ले जाया जा रहा था गांजा, नगरनार पुलिस ने 4.20 लाख रुपये का मादक पदार्थ किया जब्त