हादसे के बाद इंसानियत शर्मसार: ट्रक पलटा तो मदद की जगह कोल्ड ड्रिंक लूटने लगी भीड़, वीडियो वायरल

21मार्च 2026

नेल्लोर। आंध्र प्रदेश के नेल्लोर जिले से एक ऐसा वीडियो सामने आया है जिसने इंसानियत पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कोल्ड ड्रिंक से भरा एक ट्रक हाईवे पर पलट गया, लेकिन हादसे के बाद लोगों ने घायल ड्राइवर और क्लीनर की मदद करने के बजाय सड़क पर बिखरी बोतलें उठाकर ले जाना शुरू कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, ट्रक में कोल्ड ड्रिंक की पेटियां लदी हुई थीं। अचानक टायर फटने से ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया और पूरी सामग्री सड़क पर बिखर गई। हादसे में ड्राइवर और क्लीनर घायल हो गए और आसपास मौजूद लोगों से सहायता की गुहार लगाते रहे।
मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए, लेकिन मदद करने की बजाय कई लोग कोल्ड ड्रिंक की बोतलें और पेटियां उठाकर भागने लगे। किसी ने थम्स अप, किसी ने स्प्राइट और किसी ने अन्य बोतलें अपने साथ ले लीं। पूरा घटनाक्रम वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो सामने आने के बाद लोगों के व्यवहार को लेकर सिविक सेंस और मानवीय संवेदनाओं पर बहस छिड़ गई है। सोशल मीडिया पर कई लोग इसे शर्मनाक बताते हुए ऐसे हालात में पहले घायलों की मदद करने की अपील कर रहे हैं।
फिलहाल यह वीडियो चर्चा का विषय बना हुआ है और लोगों से जिम्मेदार नागरिक बनने की अपील की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *