दरभंगा 20सितम्बर2026/मब्बी थाना क्षेत्र के मब्बी चौक स्थित एक चाय दुकान के पास शनिवार शाम दरभंगा कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के छात्रों के दो गुटों में विवाद के बाद मारपीट हो गई। घटना में छह छात्रों के चोटिल होने की सूचना है।
बताया गया कि कुछ छात्र मब्बी चौक की चाय दुकान पर पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दो गुटों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और छात्रों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। इस दौरान बेल्ट से भी मारपीट किए जाने की बात सामने आई है।
घटना की सूचना मिलते ही मब्बी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को आते देख मारपीट में शामिल छात्र वहां से फरार हो गए। पुलिस के पहुंचने के बाद स्थिति सामान्य हुई।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. चंदन कुमार ने बताया कि मारपीट कॉलेज परिसर के अंदर नहीं, बल्कि बाहर हुई है। कॉलेज प्रशासन को अभी किसी छात्र की ओर से शिकायत नहीं मिली है। वहीं, एसडीपीओ सदर एसके सुमन के अनुसार छात्रों के बीच किसी बात को लेकर मारपीट हुई है और पुलिस विवाद के कारणों की जांच कर रही है। एहतियात के तौर पर कॉलेज और आसपास के क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।