जगदलपुर, 20 सितंबर 2026। कभी माओवाद प्रभावित और दुर्गम माने जाने वाला दरभा विकासखंड का कोलेंग क्षेत्र अब विकास की मुख्यधारा से जुड़ रहा है। क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं और विकास कार्यों की स्थिति का जायजा लेने कलेक्टर आकाश छिकारा ने प्रशासनिक अमले के साथ कोलेंग और आसपास के दूरस्थ गांवों का सघन भ्रमण किया।
भ्रमण के दौरान पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तन्मय खन्ना, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर सहित वन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
कलेक्टर ने सबसे पहले कोलेंग के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने ओपीडी, मरीजों के पंजीयन, उपचार व्यवस्था और दवाओं की उपलब्धता की जानकारी ली। दवा स्टोर में पहुंचकर स्टॉक रजिस्टर के अनुसार दवाओं का भौतिक सत्यापन भी किया। बिजली गुल होने की स्थिति में मरीजों के उपचार और प्रसव जैसी आपातकालीन सेवाएं प्रभावित न हों, इसके लिए उन्होंने अस्पताल में लगे सोलर बैकअप सिस्टम को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने उपचाररत मरीजों से बातचीत कर स्वास्थ्य सुविधाओं और दवाओं की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली।
इसके बाद कलेक्टर ने प्रगतिरत ग्राम पंचायत भवन का निरीक्षण किया और निर्माण कार्य को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। महतारी सदन में उन्होंने स्थानीय महिला स्व-सहायता समूहों और ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। ग्रामीणों ने नाडेप निर्माण, व्यक्तिगत शौचालय और नल-जल योजना से जुड़ी जरूरतों की जानकारी कलेक्टर को दी।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को इन मांगों का त्वरित तकनीकी सर्वे कराने और आगामी सप्ताह तक विस्तृत प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही छूटे हुए पात्र हितग्राहियों से दोबारा आवेदन लेकर उनकी समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने को कहा।
अंतिम छोर के गांवों तक पहुंचा प्रशासन
कलेक्टर आकाश छिकारा और एसपी शलभ सिन्हा के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने तुलसी डोंगरी और चांदामेटा जैसे दूरस्थ गांवों का भी दौरा किया। इन इलाकों में पहले पहुंचना चुनौतीपूर्ण माना जाता था। कलेक्टर ने सड़क के अंतिम छोर तक पहुंचकर विकास कार्यों की जमीनी स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।