2मार्च 2026
कुवैत/नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में जारी ईरान-इजरायल टकराव के बीच कुवैत के हवाई क्षेत्र में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। अमेरिकी लड़ाकू विमान F-15 उड़ान के दौरान अचानक आग की लपटों में घिर गया और कुछ ही देर बाद क्रैश हो गया। ईरान ने दावा किया है कि उसने मिसाइल से इस जेट को निशाना बनाकर गिराया है।
हालांकि राहत की खबर यह रही कि विमान के पायलट (कुछ रिपोर्ट्स में दो पायलट) ने समय रहते पैराशूट के जरिए खुद को इजेक्ट कर लिया और सुरक्षित बाहर निकल आए।
हमला या तकनीकी खराबी?
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, सुबह के वक्त जेट पर अचानक हमला हुआ। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में विमान के पिछले हिस्से से आग निकलती दिखाई दे रही है।
ईरान ने इसे अपनी कार्रवाई बताया है, लेकिन आधिकारिक तौर पर अब तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि हमला किसने किया या फिर यह किसी तकनीकी खराबी अथवा ‘फ्रेंडली फायर’ का मामला था।
बढ़ा क्षेत्रीय तनाव
घटना ऐसे समय में हुई है जब ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच सैन्य गतिविधियां तेज हैं। कुवैत में तैनात अमेरिकी ठिकानों को लेकर पहले से ही सुरक्षा अलर्ट जारी था। इस हादसे के बाद क्षेत्र में तनाव और गहरा गया है।
जांच जारी
अमेरिकी अधिकारियों की ओर से विस्तृत बयान का इंतजार है। फिलहाल पायलट सुरक्षित हैं और उन्हें मेडिकल निगरानी में रखा गया है।
पश्चिम एशिया में बढ़ती सैन्य हलचल के बीच यह घटना आने वाले दिनों में हालात को और संवेदनशील बना सकती है।