12जून2026
रायपुर। छत्तीसगढ़ में नियुक्ति की मांग को लेकर पिछले 170 दिनों से आमरण अनशन पर बैठे D.Ed अभ्यर्थियों के आंदोलन से चिंताजनक खबर सामने आई है। लंबे समय से जारी अनशन के चलते तीन आंदोलनकारी अभ्यर्थियों की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार, आंदोलन के प्रमुख चेहरों में शामिल जांजगीर-चांपा निवासी संजय कश्यप, पंकज नेताम और अनुसुइया निषाद की हालत अनशन स्थल पर बिगड़ने लगी। स्वास्थ्य स्थिति गंभीर होने पर उन्हें अभनपुर अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।
गौरतलब है कि D.Ed अभ्यर्थी 24 दिसंबर 2025 से रायपुर में अनिश्चितकालीन आमरण अनशन पर बैठे हैं। अभ्यर्थियों का कहना है कि वे कोई नई मांग नहीं कर रहे हैं, बल्कि हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के अनुरूप रिक्त 2300 पदों पर योग्य अभ्यर्थियों की नियुक्ति की मांग कर रहे हैं।
अभ्यर्थियों का आरोप है कि 170 दिन से अधिक समय बीत जाने के बावजूद शासन-प्रशासन का कोई जिम्मेदार प्रतिनिधि उनकी समस्याओं का समाधान करने नहीं पहुंचा। इससे आंदोलनकारियों में गहरा आक्रोश और निराशा है।
अनशन स्थल पर मौजूद अन्य अभ्यर्थियों ने कहा कि कोर्ट का फैसला उनके पक्ष में आने के बावजूद नियुक्ति प्रक्रिया पूरी नहीं की जा रही है। उनका आरोप है कि प्रशासन की उदासीनता के कारण आंदोलनकारियों का स्वास्थ्य लगातार बिगड़ रहा है।
अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी है कि यदि किसी भी आंदोलनकारी को कोई गंभीर नुकसान होता है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक नियुक्ति संबंधी लिखित आदेश जारी नहीं किए जाते, तब तक उनका आंदोलन और आमरण अनशन जारी रहेगा।