600 बस्तर फाइटर्स ने संभाली झाड़ू, जगदलपुर में चला बड़ा स्वच्छता अभियान

जगदलपुर, 4 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘स्वच्छता पखवाड़ा 2026’ के दौरान जगदलपुर में बस्तर फाइटर्स के 600 नव आरक्षकों ने सघन सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता का संदेश दिया। अभियान का शुभारंभ शनिवार को लालबाग स्थित पुलिस प्रशिक्षण शाला में किया गया।

कार्यक्रम में बस्तर लोकसभा क्षेत्र के सांसद महेश कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने अधिकारियों, जवानों और नागरिकों को स्वच्छता व पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने तथा स्वच्छता को जन-आंदोलन बनाने की शपथ दिलाई। इस दौरान सांसद महेश कश्यप और सेनानी एमआर मंडावी ने कैंप परिसर में पौधरोपण भी किया।

इसके बाद सांसद की अगुवाई में बस्तर फाइटर्स के 600 नव आरक्षकों ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ मिलकर नगर के विभिन्न हिस्सों में सफाई अभियान चलाया। नया बस स्टैंड, दलपत सागर, सिरहासार चौक और गंगामुण्डा सहित सार्वजनिक स्थानों पर सफाई कर कचरा हटाया गया।

बस्तर फाइटर्स के जवानों के इस श्रमदान से स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों को भी अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। अभियान में बटालियन के अधिकारी और कर्मचारी भी सक्रिय रूप से शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *