जगदलपुर, 4 अक्टूबर 2026। जिले में आयोजित सेवा सेतु शिविरों में स्कूली बच्चों का नुक्कड़ नाटक ‘नमो सेवा गाथा’ लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। बच्चों ने दमदार अभिनय और प्रभावी संवादों के जरिए सरकारी योजनाओं, डिजिटल लेनदेन और देश में हुए बदलावों को सहज अंदाज में प्रस्तुत किया।
नाटक की कहानी कॉलेज के पुराने मित्रों के रीयूनियन के इर्द-गिर्द बुनी गई है। बातचीत के दौरान पात्र देश में आए बदलावों और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभाव को सामने रखते हैं। प्रस्तुति में माओवाद पर नियंत्रण, यूपीआई के जरिए डिजिटल लेनदेन और सरकार की प्रमुख योजनाओं को भी नाटकीय अंदाज में दिखाया गया है।
इस नाटक के लिए शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और जगतू माहरा हायर सेकेंडरी स्कूल, जगदलपुर के करीब 22 विद्यार्थियों का चयन किया गया है। नियमित अभ्यास को ध्यान में रखते हुए छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों को प्राथमिकता दी गई।
बच्चों को तैयार करने की जिम्मेदारी बादल (बस्तर एकेडमी ऑफ डांस, आर्ट एंड लैंग्वेज) के प्रशिक्षकों ने संभाली। प्रशिक्षण के साथ बच्चों को एकेडमी का शैक्षणिक भ्रमण भी कराया गया। दल में एनसीसी कैडेट्स समेत कई प्रतिभावान विद्यार्थी शामिल हैं।
बाढ़ और मौसमी बीमारियों जैसी चुनौतियों के बावजूद बच्चों ने अभ्यास जारी रखा और शिविरों में शानदार प्रस्तुति दी। उनके प्रदर्शन की आम लोगों के साथ सांसद महेश कश्यप और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी सराहना की। बच्चों की प्रतिभा को देखते हुए आगामी सांस्कृतिक और रंगमंचीय आयोजनों में भी इस दल को अवसर देने की योजना बनाई जा रही है।